फर्जी सिम कार्ड रैकेट का भंडाफोड़, घुमका पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
साइबर अपराध पर बड़ी कार्रवाई: फर्जी दस्तावेजों से सिम बेचने वाला युवक गिरफ्तार

राजनांदगांव। गांव की किसान खबरें
राजनांदगांव जिले की घुमका पुलिस को साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई में एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर मोबाइल सिम कार्ड जारी कर उन्हें कम कीमत पर बेचने वाले आरोपी नवनीत कुमार साहू (26 वर्ष), निवासी गिधवा, थाना घुमका को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को वरिष्ठ कार्यालयों से प्राप्त सूचना के आधार पर पता चला कि POS कोड IPZ5 का संचालक फर्जी तरीके से मोबाइल सिम जारी कर आर्थिक लाभ कमा रहा है। शिकायत की जांच के बाद आरोपी के खिलाफ धारा 318(4), 61(2) बीएनएस एवं 66(C) आईटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान जारी किए गए सिम कार्डों से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल, संबंधित लोगों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी नवनीत कुमार साहू से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने फर्जी दस्तावेजों का उपयोग कर सिम कार्ड जारी करने और उन्हें कम कीमत पर बेचकर लाभ कमाने की बात स्वीकार की।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने 3 जुलाई 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं एसडीओपी डोंगरगांव श्रीमती मंजूलता बाज के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक विजय मिश्रा के नेतृत्व में की गई।
कार्रवाई में सउनि कोदूराम नागवंशी, महेशद राजपूत, प्रधान आरक्षक विजय राज सिंह तथा आरक्षक सी.पी., दुर्गेश साहू और तारकेश साय की भूमिका सराहनीय रही।




