राजनांदगांव में श्रमिक सम्मेलन: पंजीयन लक्ष्य दोगुना करने के निर्देश, योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर
1802 श्रमिक हितग्राहियों के खातों में डीबीटी से 3.43 करोड़ रुपए अंतरित

राजनांदगांव, ।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने शुक्रवार को पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम में आयोजित श्रमिक सम्मेलन एवं श्रम विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत 1802 हितग्राहियों के बैंक खातों में 3 करोड़ 43 लाख 74 हजार 970 रुपए की सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की। उन्होंने अधिकारियों को जिले में श्रमिकों के पंजीयन का लक्ष्य एक वर्ष में दोगुना करने तथा प्रत्येक ग्राम पंचायत में शिविर लगाकर अधिक से अधिक श्रमिकों का पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में डॉ. रमन सिंह ने कहा कि संगठित एवं असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के जीवन स्तर में सुधार के लिए सरकार विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना, दीदी ई-रिक्शा सहायता योजना समेत अन्य योजनाओं का उल्लेख करते हुए श्रमिक परिवारों को इनका अधिकतम लाभ दिलाने पर जोर दिया।
छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष राम प्रताप सिंह ने कहा कि सरकार गांव, गरीब, किसान और मजदूरों के हित में लगातार कार्य कर रही है तथा श्रमिक परिवारों को सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सहायता प्रदान की जा रही है। वहीं छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष योगेश दत्त मिश्रा ने ग्रामीण क्षेत्रों में शिविरों के जरिए श्रमिक पंजीयन बढ़ाने और पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की आवश्यकता बताई।
कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने बताया कि जिले में भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अंतर्गत 1 लाख 53 हजार 383 तथा असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल में 1 लाख 18 हजार 608 श्रमिक पंजीकृत हैं। उन्होंने मिनीमाता महतारी जतन योजना, महतारी वंदन योजना, मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना, अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना, दीदी ई-रिक्शा सहायता योजना सहित अन्य योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि शासन की योजनाएं आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।
कार्यक्रम में हितग्राहियों ने विभिन्न योजनाओं से मिले लाभ के अनुभव भी साझा किए। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव, राजगामी संपदा न्यास की अध्यक्ष पूर्णिमा साहू, जिला पंचायत सीईओ दुर्गा प्रसाद अधिकारी, वनमंडलाधिकारी आयुष जैन, अपर कलेक्टर सी.एल. मारकण्डेय, संयुक्त कलेक्टर शीतल बंसल, सहायक आयुक्त श्रम समीर मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।



