बारिश में जलभराव, सफाई और सड़क मरम्मत पर नगर निगम अलर्ट, शहरभर में तेज हुए राहत कार्य
बारिश के दौरान जलभराव, सफाई एवं सड़क मरम्मत पर नगर निगम सक्रिय

राजनांदगांव, ।
लगातार हो रही बारिश के बीच नगर पालिक निगम राजनांदगांव ने जलभराव की समस्या से निपटने, शहर की साफ-सफाई बनाए रखने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए व्यापक अभियान शुरू किया है। शहर के प्रमुख नालों और नालियों की नियमित सफाई कराई जा रही है तथा आवश्यकता वाले क्षेत्रों में कच्ची नालियां बनाकर पानी की निकासी सुनिश्चित की जा रही है।
नगर निगम द्वारा बस स्टैंड, जिला अस्पताल, फ्लाईओवर के नीचे, सर्किट हाउस रोड सहित संवेदनशील क्षेत्रों में जलनिकासी व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। सफाई के दौरान निकले कचरे को सूखने के बाद जेसीबी और टिप्पर के माध्यम से निर्धारित स्थानों तक पहुंचाया जा रहा है। बाजार क्षेत्र में रात्रिकालीन सफाई और डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण भी नियमित रूप से जारी है।
बारिश से प्रभावित सड़कों पर गड्ढों की मरम्मत और पेचवर्क का कार्य तेजी से किया जा रहा है। आगामी गणेश पर्व को देखते हुए प्रमुख मार्गों की मरम्मत को प्राथमिकता दी गई है। शासन से प्राप्त स्वीकृत राशि के आधार पर वार्डों में विकास कार्य भी प्राथमिकता के अनुसार कराए जा रहे हैं। अधूरे निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा करने के लिए संबंधित ठेकेदारों को निर्देश और नोटिस जारी किए गए हैं।
नगर निगम ने बताया कि पुराना बस स्टैंड मार्ग, जिला अस्पताल रोड और खैरागढ़ रोड का चिखली क्षेत्र लोक निर्माण विभाग के अधीन हैं, जिनकी मरम्मत के लिए विभाग को पत्र भेजा गया है। वहीं महावीर चौक स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग की सड़क पर भी यातायात सुचारु रखने के लिए समय-समय पर पेचवर्क कराया जा रहा है।
बारिश के दौरान सड़कों पर आवारा मवेशियों की समस्या को देखते हुए निगम का धरपकड़ अभियान भी लगातार जारी है। पकड़े गए मवेशियों को कांजी हाउस भेजा जा रहा है तथा प्रति मवेशी 570 रुपये अर्थदंड लेकर मालिकों को छोड़ा जा रहा है। इसके साथ ही मोती तालाब, तहसील रोड और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर नियमित सफाई की जा रही है तथा कचरा फैलाने वालों पर जुर्माने की चेतावनी दी गई है।
सर्किट हाउस रोड पर जलभराव की समस्या निकासी छिद्र बंद होने के कारण सामने आई थी, जिन्हें साफ कराया जा रहा है। बूढ़ा सागर में निर्माणाधीन ट्रीटमेंट प्लांट का कार्य शीघ्र पूरा कराने के लिए ठेकेदार को नोटिस जारी किया गया है। नगर निगम ने नागरिकों से नालियों और सार्वजनिक स्थलों पर कचरा नहीं फेंकने, मवेशियों को खुले में नहीं छोड़ने तथा शहर को स्वच्छ और सुरक्षित बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।



