मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव में एचआईवी-एड्स जागरूकता पर सेमीनार
एचआईवी-एड्स रोकथाम, अधिकार और सुरक्षा पर विशेषज्ञों ने दी महत्वपूर्ण जानकारी

राजनांदगांव । गांव की किसान खबरें
शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय राजनांदगांव के मेडिसिन विभाग द्वारा मेडिकल कॉलेज के सेमीनार हॉल में “एचआईवी-एड्स: जागरूकता, अधिकार और सुरक्षा” विषय पर एक दिवसीय सेमीनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में तकनीकी एवं वैज्ञानिक सत्र के दौरान विषय विशेषज्ञों ने एचआईवी-एड्स की रोकथाम, उपचार, कानूनी अधिकारों और सुरक्षा उपायों पर विस्तार से जानकारी दी।
सेमीनार में प्रतिभागियों को एचआईवी का परिचय, संक्रमण से बचाव के उपाय, एचआईवी एवं एड्स (रोकथाम एवं नियंत्रण) अधिनियम-2017, पोस्ट-एक्सपोजर प्रोफिलैक्सिस (PEP) तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं और योजनाओं की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए जागरूकता और समय पर जांच व उपचार के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में अधिष्ठाता डॉ. पी. एम. लुका, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन, संयुक्त निदेशक एवं अस्पताल अधीक्षक डॉ. अतुल मनोहर राव देशकर, उप अस्पताल अधीक्षक डॉ. पवन जेठानी, जिला नोडल अधिकारी (एचआईवी-एड्स) डॉ. अल्पना लूनिया, मेडिसिन विभागाध्यक्ष एवं एआरटी सेंटर के नोडल अधिकारी डॉ. एन.के. तिर्की, राज्य एड्स नियंत्रण समिति की सहायक निदेशक श्रीमती रमा पटेल, उप निदेशक सुश्री भाग्यश्री वर्मा, डॉ. प्रकाश खूंटे सहित चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी, एआरटी एवं आईसीटीसी स्टाफ तथा मेडिकल छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




