पानी निकासी और यातायात सुगम बनाने नगर निगम ने चलाया अतिक्रमण हटाओ अभियान
शीतला मंदिर-नेहरू उद्यान के पास से हटाया गया अतिक्रमण, निगम की कार्रवाई जारी

राजनांदगांव, ।
शहर में बारिश के दौरान सुचारू जल निकासी और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर निगम द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में शीतला मंदिर एवं नेहरू उद्यान के आसपास अनाधिकृत रूप से लगाए गए ठेलों को निगम के अतिक्रमण दस्ते ने हटाया।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र में 5 से 6 ठेले लगाए जाने से आवागमन प्रभावित हो रहा था तथा गंदगी भी फैल रही थी। निगम आयुक्त श्री जी.आर. मरकाम के निर्देश पर अतिक्रमण दस्ते ने मानव गैंग और जेसीबी की सहायता से ठेलों को हटाया। वहीं ममता नगर रोड स्थित अंडरब्रिज के पास जल निकासी में बाधा बन रहे प्लेटफॉर्म को भी तोड़कर रास्ता साफ किया गया।
आयुक्त श्री मरकाम ने नागरिकों एवं व्यापारियों से शहर को स्वच्छ और अतिक्रमण मुक्त रखने में सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि सड़क, चौक-चौराहों पर ठेला, खोमचा या पसरा लगाने से यातायात बाधित होता है और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ती है। साथ ही अतिक्रमण के कारण जल निकासी भी प्रभावित होती है। निगम ने चेतावनी दी है कि अतिक्रमण नहीं हटाने पर बिना पूर्व सूचना कार्रवाई करते हुए जुर्माना भी वसूला जाएगा।




