घुमका पुलिस की बड़ी सफलता, नाबालिग अपहरण एवं पॉक्सो मामले में आरोपी गिरफ्तार
2023 के प्रकरण में पीड़िता सुरक्षित बरामद, आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

राजनांदगांव। गांव की किसान खबरें
थाना घुमका पुलिस ने नाबालिग बालिका एवं महिला संबंधी गंभीर प्रकरण में एक और महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए वर्ष 2023 से दर्ज अपहरण मामले के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पीड़िता को सुरक्षित दस्तयाब कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2023 में प्रार्थी ने थाना घुमका में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। रिपोर्ट के आधार पर थाना घुमका में धारा 363 भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा (आईपीएस), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी डोंगरगांव मंजूलता बाज के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक विजय मिश्रा द्वारा विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी सहायता के माध्यम से अपहृता एवं आरोपी की लगातार तलाश की जा रही थी।
पतासाजी के दौरान पीड़िता एवं आरोपी का पता चलने पर विवेचना में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी ने नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाकर जबरन शारीरिक संबंध बनाए थे। पीड़िता के बयान एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण में धारा 366, 376 तथा पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराएं जोड़ी गईं।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी दिलेश्वर टोण्डे (25 वर्ष), निवासी ग्राम मासूल, थाना घुमका, जिला राजनांदगांव को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय राजनांदगांव में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विजय मिश्रा, एएसआई कोदूराम नागवंशी, देवसत रामटेके, प्रधान आरक्षक विजय राज सिंह, टिकाराम पटेल एवं आरक्षक सी.पी. की भूमिका सराहनीय रही।



