फसलों का बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 जुलाई, किसान समय रहते कराएं पंजीयन
खरीफ 2026: धान सहित 11 फसलों का बीमा, किसानों के लिए 31 जुलाई अंतिम मौका

राजनांदगांव। गांव की किसान खबरें
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ वर्ष 2026 की फसलों का बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। मौसम विभाग द्वारा अलनीनो के प्रभाव के कारण इस वर्ष कम वर्षा की संभावना जताई गई है। ऐसे में किसानों को प्रतिकूल मौसम और प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान से सुरक्षा प्रदान करने के लिए फसल बीमा कराने की अपील की गई है।
योजना के अंतर्गत जिले के ऋणी एवं अऋणी कृषक धान (सिंचित एवं असिंचित), मक्का, सोयाबीन, मूंगफली, अरहर, उड़द, मूंग, कोदो, कुटकी और रागी जैसी फसलों का बीमा करा सकते हैं। किसानों को बीमांकित राशि का मात्र 2 प्रतिशत प्रीमियम देना होगा, जबकि शेष राशि सरकार द्वारा वहन की जाएगी।
अऋणी किसान लोक सेवा केंद्र, बैंक अथवा फार्मर एप के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए आधार कार्ड, भूमि अभिलेख (बी-1, पी-2), बैंक पासबुक, फसल बोवाई प्रमाण पत्र या स्वघोषणा पत्र, मोबाइल नंबर तथा बटाईदार/कास्तकार होने की स्थिति में संबंधित घोषणा पत्र आवश्यक होगा।
उप संचालक कृषि श्री टीकम सिंह ठाकुर ने विभागीय अमले को किसानों तक योजना की जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने किसानों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि से पहले अपनी फसलों का बीमा कराकर मौसमजनित जोखिमों से सुरक्षा सुनिश्चित करें।


