मौसम आधारित फसल बीमा योजना के तहत टमाटर, मिर्च, केला सहित 7 फसलें शामिल
खरीफ 2026: उद्यानिकी फसल बीमा के लिए 31 जुलाई तक करें आवेदन

राजनांदगांव, । गांव की किसान खबरें
छत्तीसगढ़ शासन के कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा संचालित पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना के तहत खरीफ 2026 में उद्यानिकी फसलों का बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। सहायक संचालक उद्यान ने जिले के किसानों से समय-सीमा के भीतर बीमा कराने की अपील की है।
योजना का उद्देश्य उद्यानिकी फसलों को कम या अधिक तापमान, अनियमित वर्षा, ओलावृष्टि, चक्रवाती हवाओं, कीट एवं रोगों तथा प्रतिकूल मौसम से होने वाले नुकसान से आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है।
इस योजना के तहत टमाटर, बैंगन, मिर्च, अदरक, केला, पपीता और अमरूद जैसी अधिसूचित फसलों का बीमा कराया जा सकता है। किसानों को कुल बीमित राशि का अधिकतम 5 प्रतिशत अथवा वास्तविक प्रीमियम, जो भी कम हो, किसान अंश के रूप में जमा करना होगा।
अऋणी किसानों को आवेदन के साथ स्वघोषणा पत्र, नक्शा-खसरा, आधार कार्ड, बैंक पासबुक की प्रति एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे। वहीं ऋणी किसानों के लिए योजना विकल्प आधारित रहेगी। योजना से बाहर रहने के इच्छुक ऋणी किसानों को अंतिम तिथि से 7 दिन पूर्व संबंधित बैंक में हस्ताक्षरित घोषणा पत्र जमा करना अनिवार्य होगा।
योजना के तहत टमाटर के लिए 1.20 लाख रुपये, बैंगन 77 हजार रुपये, मिर्च 90 हजार रुपये, अदरक 1.50 लाख रुपये, केला 1.65 लाख रुपये, पपीता 1.25 लाख रुपये तथा अमरूद 45 हजार रुपये तक की बीमित राशि निर्धारित की गई है। संबंधित फसलों के लिए प्रीमियम राशि भी शासन द्वारा तय की गई है।
उद्यानिकी विभाग ने बताया कि योजना से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए किसान अपने विकासखंड के उद्यान अधिकारियों अथवा सहायक संचालक उद्यान कार्यालय, कलेक्टोरेट राजनांदगांव से संपर्क कर सकते हैं।


