सेवा सेतु पोर्टल से मिली बड़ी राहत, भूपेन्द्र उमरे को घर बैठे मिला ऑनलाइन विवाह प्रमाण पत्र
डिजिटल सुविधा बनी सहारा, सरल प्रक्रिया से समय और धन की हुई बचत

राजनांदगांव।
सेवा सेतु पोर्टल की डिजिटल सुविधा ने जिले के निवासी श्री भूपेन्द्र कुमार उमरे और उनकी पत्नी श्रीमती ललिता उमरे के लिए शासकीय सेवाओं तक पहुंच को आसान बना दिया है। ऑनलाइन विवाह पंजीकरण और विवाह प्रमाण पत्र प्राप्त होने से उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं और आवश्यक कार्यों में बड़ी राहत मिली है।
श्री भूपेन्द्र कुमार उमरे ने 26 मई 2026 को सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन विवाह पंजीकरण एवं विवाह प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया था। निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन का परीक्षण कर उसे स्वीकृत किया गया और 15 जून 2026 को उन्हें ऑनलाइन विवाह प्रमाण पत्र उपलब्ध करा दिया गया।
श्री उमरे ने बताया कि उनका विवाह प्रमाण पत्र पहले ऑफलाइन जारी हुआ था, लेकिन कई शासकीय योजनाओं और अन्य जरूरी कार्यों के लिए ऑनलाइन विवाह पंजीकरण प्रमाण पत्र की आवश्यकता पड़ती थी। ऑनलाइन प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं होने से उन्हें कई बार कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था तथा योजनाओं का लाभ लेने में भी परेशानी होती थी।
सेवा सेतु पोर्टल की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने आवश्यक दस्तावेजों के साथ ऑनलाइन आवेदन किया। आवेदन प्रक्रिया सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक रही। उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़े और निर्धारित समय में ऑनलाइन विवाह प्रमाण पत्र प्राप्त हो गया। इससे उनके समय और धन दोनों की बचत हुई।
श्री भूपेन्द्र कुमार उमरे एवं श्रीमती ललिता उमरे ने सेवा सेतु पोर्टल की सराहना करते हुए कहा कि यह डिजिटल सुविधा आम नागरिकों के लिए बेहद उपयोगी है। उन्होंने लोगों से भी विभिन्न शासकीय सेवाओं के लिए सेवा सेतु पोर्टल का उपयोग करने की अपील की तथा इस जनहितकारी पहल के लिए शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।




