गंज चौक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के जीर्णोद्धार की तैयारी, महापौर ने दिए निर्देश
निगम राजस्व बढ़ाने पर फोकस, महापौर ने जर्जर परिसरों का किया निरीक्षण

राजनांदगांव । गांव की किसान खबरें
राजनांदगांव नगर निगम की आय बढ़ाने और शहर के पुराने व्यावसायिक परिसरों को पुनर्जीवित करने की दिशा में महापौर मधुसूदन यादव ने पहल तेज कर दी है। इसी क्रम में शुक्रवार को उन्होंने निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा एवं तकनीकी अधिकारियों के साथ गंज चौक स्थित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण किया तथा उसके जीर्णोद्धार के लिए विस्तृत स्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने कॉम्प्लेक्स परिसर की साफ-सफाई कराने, पानी भराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए नाला चौड़ीकरण कराने तथा पहुंच मार्ग पर पाथवे और सीढ़ी निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को शीघ्र स्टीमेट बनाकर शासन स्तर पर आवश्यक पहल करने के निर्देश दिए, ताकि कॉम्प्लेक्स का पुनर्विकास कर उसे उपयोगी बनाया जा सके।
महापौर श्री यादव ने कहा कि शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के पुनरुद्धार से न केवल व्यवसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि नगर निगम के राजस्व में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी। उन्होंने कॉम्प्लेक्स के सामने स्थित ट्रांसफार्मर को हटाने के लिए विद्युत मंडल को पत्र लिखकर आवश्यक प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान महापौर ने गंज चौक स्थित उद्योग विभाग के जर्जर भवन का भी निरीक्षण किया। भवन की खराब स्थिति को देखते हुए उन्होंने उसे जल्द हटाने के लिए विभागीय प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भवन अत्यधिक पुराना और जर्जर हो चुका है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ऐसे में जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इसे शीघ्र तोड़ा जाना आवश्यक है।
निरीक्षण के दौरान पार्षद अमित कुशवाहा, पूर्व पार्षद विजय राय, कार्यपालन अभियंता (संविदा) यू.के. रामटेके, प्रभारी सहायक अभियंता गरिमा वर्मा, उप अभियंता पिकी खाती, प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी राजेश मिश्रा सहित निगम के तकनीकी एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



