आमजन को बेहतर सुविधाएं देने प्रशासन ने दिए आवश्यक निर्देश
राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण और अभिलेख संधारण पर विशेष जोर

राजनांदगांव। गांव की किसान खबरें
कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने आज तहसील कार्यालय डोंगरगांव का औचक निरीक्षण कर कार्यालयीन व्यवस्थाओं, राजस्व प्रकरणों एवं नागरिक सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने तहसील कार्यालय में पहुंचे ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान ग्राम बाकल निवासी श्री तोरण खूंटे वर्ष 2000 से वर्ष 2024 तक के बी-1 नकल प्राप्त करने हेतु आवेदन करने पहुंचे थे। कलेक्टर ने उनके आवेदन पर संज्ञान लेते हुए नियत अवधि में दस्तावेज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसी प्रकार ग्राम आलीखुंटा के बुजुर्ग ग्रामीण श्री बल्दु राम पिता मेहतर सीमांकन नहीं होने की समस्या लेकर तहसील कार्यालय पहुंचे थे। उनकी समस्या सुनकर तत्काल आवेदन लिखवाकर सीमांकन का प्रकरण दर्ज कराया गया। ग्राम पैरी निवासी श्री छन्नू लाल साहू पिता दीनालाल जन्म प्रमाण पत्र संबंधी कार्य से तहसील कार्यालय आए थे। कलेक्टर ने उनकी समस्या का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने तहसील कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन राजस्व प्रकरणों की अपील अवधि पूर्ण हो चुकी है, उनसे संबंधित अभिलेखों एवं दस्तावेजों को नियमानुसार रिकॉर्ड रूम में जमा कराया जाए, जिससे अभिलेखों का सुव्यवस्थित संधारण एवं संरक्षण सुनिश्चित हो सके। कलेक्टर ने चालक श्री अनिल कुमार के वेतन भुगतान संबंधी प्रकरण को स्वयं ई-कोष पोर्टल में प्रोसेस कर त्वरित कार्य निष्पादन का उदाहरण प्रस्तुत किया।
कलेक्टर ने पूर्व में निराकृत राजस्व प्रकरणों के आदेशों का अवलोकन कर उनकी समीक्षा की तथा यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि सभी मामलों में नियमानुसार एवं विधिसम्मत आदेश पारित किए गए हो। साथ ही लंबित राजस्व प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के लिए आगामी पेशी तिथियां न्यूनतम अंतराल पर निर्धारित करने के निर्देश दिए, ताकि प्रकरणों का त्वरित निराकरण हो सके और आम नागरिकों को समय पर राहत मिल सके। इसके साथ ही उन्होंने प्रत्येक शाखा एवं कक्ष के बाहर स्पष्ट सूचना एवं साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए, जिससे नागरिकों को यह आसानी से जानकारी मिल सके कि किस प्रकार का कार्य किस कक्ष में संपादित किया जाता है। उन्होंने कहा कि इससे नागरिकों को अनावश्यक परेशानी से बचाया जा सकेगा तथा कार्यालयीन कार्यों में और अधिक सुगमता आएगी। उन्होंने तहसील कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आमजनों के प्रति संवेदनशील रहते हुए उनके आवेदनों एवं समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।



