घुमका नगर पंचायत चुनाव: स्ट्रांग रूम में अव्यवस्था पर विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने जताई आपत्ति
पारदर्शिता की मांग को लेकर लिया एक्शन

घुमका। गांव की किसान खबरें
नगर पंचायत चुनाव के मतदान संपन्न होने के बाद ईवीएम मशीनों को स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखने की प्रक्रिया के दौरान शासन-प्रशासन की लापरवाही और अव्यवस्था को लेकर विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। इस दौरान विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने मौके पर पहुंचकर पूरी प्रक्रिया का जायजा लिया और चुनावी प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने की मांग की।
विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने बताया कि मतदान समाप्त होने के बाद स्ट्रांग रूम में मतदान में उपयोग की गई ईवीएम मशीनों को रखने से पहले ही रिजर्व ईवीएम मशीनों को अंदर रख दिया गया था। नियमानुसार मतदान में प्रयुक्त मशीनों को रखने से पूर्व स्ट्रांग रूम पूरी तरह खाली होना चाहिए था। इस संबंध में विधायक एवं विभिन्न प्रत्याशियों द्वारा बार-बार आपत्ति दर्ज कराए जाने के बावजूद तत्काल उचित कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने कहा कि सभी मतदान केंद्रों से ईवीएम मशीनें स्ट्रांग रूम में रखे जाने के बाद रिजर्व मशीनों को बाहर निकाला गया, जिससे उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं प्रत्याशियों के मन में संदेह की स्थिति उत्पन्न हुई। इसी दौरान बिजली बंद होने की घटना ने स्थिति को और गंभीर बना दिया। बिजली बाधित रहने के समय की गतिविधियों का कोई स्पष्ट रिकॉर्ड अथवा वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध नहीं होने से पारदर्शिता को लेकर सवाल खड़े हुए।
विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने कहा कि चुनाव जैसी संवेदनशील प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं है। यदि बिजली बाधित हो जाए तो उसके लिए पूर्व से बैकअप व्यवस्था, रिकॉर्डिंग एवं निगरानी की समुचित व्यवस्था होना आवश्यक है। उन्होंने दोनों पक्षों के विश्वास एवं लोकतांत्रिक प्रक्रिया की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए बिजली बंद रहने की अवधि के सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने की मांग की।
उन्होंने यह भी कहा कि निर्वाचन अधिकारियों से इस संबंध में स्पष्ट जानकारी मांगी गई, किंतु संतोषजनक उत्तर प्राप्त नहीं हो सका। ऐसी अव्यवस्था प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाती है, जिससे आम मतदाताओं एवं प्रत्याशियों के बीच अनावश्यक शंका का वातावरण बन सकता है।
विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने मतदान दिवस के दौरान विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा मतदाताओं, कर्मचारियों एवं अधिकारियों से चर्चा कर शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने का प्रयास किया।
अंत में विधायक ने कहा कि लोकतंत्र में जनता के विश्वास को सर्वोपरि रखते हुए चुनाव प्रक्रिया की प्रत्येक गतिविधि पूर्णतः पारदर्शी एवं निष्पक्ष होनी चाहिए। किसी भी प्रकार की लापरवाही या संदेह की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए प्रशासन को और अधिक सतर्क एवं जवाबदेह होकर कार्य करना चाहिए।
📢 विज्ञापन हेतु निवेदन: यदि आपके क्षेत्र से जुड़ी कोई महत्वपूर्ण स्थानीय खबर, सामाजिक गतिविधि या जनहित से संबंधित जानकारी है, तो कृपया प्रकाशन के लिए हमारे न्यूज़ पोर्टल के साथ साझा करें। विज्ञापन एवं प्रचार-प्रसार हेतु भी आप हमसे संपर्क कर सकते हैं। मो.7869363028
Was this article helpful?
YesNo




