जन सामान्य को बैंकिंग एवं ऋण योजनाओं की दी गई जानकारी, पात्र हितग्राहियों को किया गया ऋण वितरित
मानपुर में आयोजित जिला स्तरीय मेगा क्रेडिट कैंप में शामिल हुईं कलेक्टर श्रीमती प्रजापति

मोहला, । गांव की किसान खबरें
सुशासन तिहार अंतर्गत जिले में बैंकिंग एवं वित्तीय जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा मानपुर के आरसेटी भवन में आज जिला स्तरीय मेगा क्रेडिट कैंप का आयोजन किया गया। आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति एवं सीईओ जिला पंचायत श्रीमती भारती चंद्राकर शामिल हुईं।
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि मेगा क्रेडिट कैंप का आयोजन महत्वपूर्ण है, क्योंकि आज स्वयं बैंकों के प्रतिनिधि लोगों के पास आकर बैंकों में संचालित विभिन्न योजनाओं, ऋण, दस्तावेज एवं क्लेम संबंधी जानकारी प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वित्तीय जागरूकता एवं जानकारी के अभाव में लोग पीछे रह जाते हैं, जिसका असर उनके जीवन पर भी पड़ता है। उन्होंने स्व-सहायता समूह की महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि पूर्व में महिलाओं के पास आय का कोई स्थायी स्रोत नहीं था, जिससे वे अपनी छोटी-छोटी जरूरतों के लिए परिवार पर निर्भर रहती थीं। लेकिन आज समूह से जुड़कर आर्थिक गतिविधियों के माध्यम से महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हुई हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने में उनके परिवारजनों का सहयोग भी महत्वपूर्ण है। महिलाएं आगे बढ़ेंगी और आर्थिक रूप से सक्षम होकर अपने परिवार का सहयोग करेंगी, जिससे परिवार खुशहाल होगा।
उन्होंने कहा कि जिला वनाच्छादित होने के बावजूद वनोपज आधारित उत्पादों पर अपेक्षित कार्य नहीं हो रहा है। स्थानीय वनोपज के अनुसार अवसर तलाशने की आवश्यकता है। हम वनों को बिना नुकसान पहुंचाए भी वन आधारित उत्पादों पर कार्य करते हुए बेहतर आय अर्जित कर सकते हैं। उन्होंने स्व-सहायता समूहों के लिए मोहला ब्रांड आवश्यकता पर कहा कि इससे समूह की महिलाओं की आय में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि महिलाएं समूह के माध्यम से ऋण लेकर अपने व्यवसाय का विस्तार करें और आय बढ़ाएं। कलेक्टर ने उपस्थित लोगों से कैंप से अधिक से अधिक जानकारी एवं लाभ लेने की अपील की। साथ ही उन्होंने ऑनलाइन लोन, फर्जी कॉल और लुभावने ऑफर से सावधान रहने तथा साइबर फ्रॉड से बचने की सलाह दी।
सीईओ जिला पंचायत श्रीमती भारती चंद्राकर ने कहा कि कैंप का उद्देश्य परिवार की आय में वृद्धि करना है। उन्होंने कहा कि स्व-सहायता समूहों की आय बढ़ाने में पुरुषों का सहयोग भी महत्वपूर्ण है। हमें अपने उत्पादों की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखना होगा। उन्होंने कहा कि मोहला ब्रांड शुरू करने का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने महिलाओं को समूह गतिविधियों के साथ-साथ व्यक्तिगत स्वरोजगार गतिविधियों के माध्यम से भी आय अर्जित करने के लिए प्रोत्साहित किया।
शिविर में आम नागरिकों, किसानों, युवाओं, महिला स्व-सहायता समूहों तथा छोटे व्यापारियों को विभिन्न ऋण योजनाओं, स्वरोजगार योजनाओं, किसान क्रेडिट कार्ड, डिजिटल बैंकिंग एवं सरकारी बैंकिंग योजनाओं की जानकारी दी गई। मौके पर पात्र हितग्राहियों को ऋण भी वितरित किया गया। इस अवसर पर एसडीएम मानपुर श्री अमित नाथ योगी, जनपद सीईओ श्री मोहम्मद हनीश खान, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, युवा एवं स्व-सहायता समूहों की महिलाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।
– बैंकों ने दी योजनाओं की जानकारी, लोगों को किया जागरूक
आयोजित शिविर में जिले के सभी बैंकों के शाखा प्रबंधक उपस्थित रहे। उन्होंने बैंकों में संचालित विभिन्न बैंकिंग सेवाओं एवं उनके लाभों की जानकारी दी। इस दौरान डिजिटल बैंकिंग, सरकारी बैंकिंग योजनाओं के साथ ही पीएम विश्वकर्मा योजना, पीएम स्वनिधि योजना, ऋण, बीमा, क्लेम, नॉमिनी एवं मोबाइल नंबर अपडेट की आवश्यकता, केसीसी लोन, वैल्यू एडिशन, लोन प्रक्रिया, पात्रता एवं दस्तावेज संबंधी विभिन्न प्रकार की जानकारी साझा की गई। मौके पर उपस्थित लोगों ने अपनी जिज्ञासाओं एवं शंकाओं का समाधान भी प्राप्त किया। शिविर में बैंकिंग परामर्श एवं आवश्यक मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया गया।



