कृषि विभाग ने खाद भंडारण की तैयारियां पूरी कीं, किसानों को मिलेगी समय पर आपूर्ति
खरीफ सीजन से पहले किसानों के लिए खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित

रायपुर, ।
खरीफ सीजन की तैयारियों के बीच किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन सूरजपुर पूरी मुस्तैदी से जुटा है। आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित रेवटी (शाखा प्रतापपुर) में पर्याप्त मात्रा में उर्वरकों का भंडारण होने से किसानों को राहत मिली है। समिति के माध्यम से आवश्यकतानुसार खाद का वितरण सुचारु रूप से किया जा रहा है, जिससे खेती की तैयारियों में तेजी आई है।
समिति प्रबंधन के अनुसार 3 जून की स्थिति में यूरिया, डीएपी, इफको एवं एसएसपी सहित विभिन्न प्रकार के लगभग 3,493 क्विंटल उर्वरकों का भंडार उपलब्ध है। पर्याप्त स्टॉक होने से किसानों को खाद के लिए भटकना नहीं पड़ रहा है और उन्हें जरूरत के अनुरूप उर्वरक आसानी से मिल रही है।
किसान गोविंदा पटेल ने बताया कि पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध होने से खेती की तैयारियां सुगमता से पूरी हो रही हैं। वहीं ग्राम सोंधिहा के किसान मिथलेश पटेल और जगदल प्रसाद पटेल ने कहा कि समिति में उनकी आवश्यकता के अनुसार खाद मिल रहा है, जिससे किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही।
कलेक्टर ने किसानों से वास्तविक आवश्यकता के अनुसार ही खाद का उठाव करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इससे सभी किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध होगी। कलेक्टर ने अधिकारियों को खाद की कालाबाजारी और जमाखोरी पर कड़ी निगरानी रखने तथा किसी भी अनियमितता पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।


