माइनिंग प्रभावित क्षेत्र पहुंचीं कलेक्टर, ग्राम पंचायतों की बैठक लेकर मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर की चर्चा
कलेक्टर ने उन गांवों का दौरा किया जहां खनन का असर पड़ा है


मोहला 1 अप्रैल 2026। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने निरीक्षण के दौरान तहसील खड़गांव अंतर्गत खनन प्रभावित 10 ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव एवं जनपद सदस्यों के साथ मूलभूत सुविधाओं के संबंध में आवश्यक बैठक ली। बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, चिकित्सा, महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत संचालित योजनाओं, सड़क, पुल-पुलिया, विद्युत, शौचालय तथा सामुदायिक भवन जैसे मूलभूत सुविधाओं पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान जनपद पंचायत मानपुर अध्यक्ष श्रीमती पुष्पा बाई मांडवी, जनपद पंचायत सदस्य श्रीमती सईदा बेगम, एसडीएम मोहला श्री हेमेंद्र भुआर्य,एसडीएम मानपुर श्री अमित नाथ योगी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहें।
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने ग्राम पंचायतों में आजीविका मूलक गतिविधियों को प्राथमिकता से संचालित करने तथा क्लस्टर बनाकर किसी एक उत्पाद पर फोकस करने के निर्देश दिए। उन्होंने कौशल विकास के संबंध में कहा कि ग्रामीण शिक्षित युवाओं को कौशल विकास से जोड़ने हेतु सोलर टेक्नीशियन सहित विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
स्वास्थ्य पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि ग्राम स्तर पर उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं का चिन्हांकन करना आवश्यक है, ताकि जच्चा-बच्चा को बेहतर चिकित्सा सुविधा प्रदान की जा सके। उन्होंने टीबी एवं कुपोषण के संबंध में भी सभी ग्राम पंचायतों को आवश्यक निर्देश दिए।
कलेक्टर ने राजस्व प्रकरणों के संबंध में निर्देशित किया कि सभी ग्राम पंचायतें अविवादित नामांतरण एवं बंटवारे के प्रकरणों का स्थानीय स्तर पर निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। साथ ही, रिकॉर्ड अद्यतन हेतु सचिवों की आईडी अपडेट करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित कर ग्रामीणों को शासन की योजनाओं से लाभान्वित करने के लिए भी कहा।
बैठक के दौरान ग्रामीणों ने ऑटो परिचालन, बांस प्रसंस्करण, जर्जर स्वास्थ्य केंद्र, सड़क निर्माण, विभिन्न गांवों में पुल-पुलिया, राशन वितरण की व्यवस्था, बिजली पोल, आंगनबाड़ी भवन, आयरन युक्त पेयजल के उपचार, स्कूलों में शौचालय तथा एम्बुलेंस जैसी विभिन्न समस्या एवं मांगों को कलेक्टर को अवगत कराया। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने सभी कार्यों को शामिल कर प्राथमिकता के साथ पूर्ण कराने का आश्वासन दिया।




